Latest Post

* उल्हासनगर शहर में कोरोना मरीज 200 के करीब
* परिमंडल-4 में कोरोना के मामले 400 पार
* दुकानदारों को साफ सफाई व देखरेख की अनुमति मिले-व्यापारी
उल्हासनगर। हीरो बोधा
  उल्हासनगर पुलिस उपायुक्त परिमंडल 4 में कोरोना पैर पसारे हुए है इस क्षेत्र में आने वाले उल्हासनगर, अंबरनाथ व बदलापुर में कोरोना के करीब 400 से अधिक मामले हैं। जिसमें कई पुलिसकर्मीयों का भी समावेश है। पिछले दो माह से पुलिस कर्मी अपनी ड्यूटी करके पूरी तरह थक गए हैं। इसका पूरा फायदा उठाते हुए इस क्षेत्र में चोरों ने सेंधमारी शुरू कर दी है। लाॅकडाऊन के दौरान परिमंडल-4 में चोरियों की वारदातों में बढ़ोत्तरी हो रही है लेकिन दुकानदार को इसकी खबर देरी से मिल रही है क्योंकि लोग दुकानों में जाने से वंचित हैं। सोमवार को सुबह को उल्हासनगर-3 के विट्ठलवाड़ी रेलवे स्टेशन के सामने तीन दुकानों जिसमें मयूर स्टोर्स, मां शेरावाली स्टोर्स, हरि विट्ठल स्टोर के शटर तोड़कर चोरी की घटना सामने आयी है। पुलिस में इसकी शिकायत लिखी जा रही है। उल्हासनगर-4 के मुख्य नेताजी चौक पर एक ड्राय फ्रूट मालिक को किसी चोर ने बहला फूसलकर लाखों का सोना लेकर चंपत हुआ। कुछ दिनों पूर्व एक मेडिकल स्टोर में चोरी हुई और चोर सीसीटीवी में कैद भी हुए। चोरी की इन बढ़ती वारदातों से दुकानदारों में चिंता का माहौल है उनका कहना है कि दो माह से हमने अपने दुकान नहीं देखे हैं साफ सफाई न होने के कारण अब बचा कुचा माल भी चोर ले जाएंगे तो हम पर यह दोहरी मार होगी। दुकानदारों ने नियमानुसार दुकानें खोलने की मांग की है और कहा है कि साफ सफाई व देखरेख की उन्हें अनुमति मिले। ज्ञात हो कि उल्हासनगर शहर में कोरोना के 200 के करीब मामले हो गए हैं। कभी भी यह आकड़ा 200 पार हो जाएगा।
   वहीं उल्हासनगर परिमंडल 4 में चोरियों के साथ-साथ मारपीट, हत्या के प्रयास, लूटपाट आदि के मामलों में भारी वृद्धि हुई है। शुक्रवार देर रात सेंट्रल पुलिस क्षेत्र में 4 गुंडों ने मामूली बात को लेकर राहुल शाह नामक युवक का दायां कान काट दिया और सिर पर चाॅपर से वार कर राजेश मुदलियार नामक युवक की बुरी तरह पिटाई की।कुछ दिनों पूर्व फाॅलवर लाईन क्षेत्र में दो गुटों के बीच मारपीट के चलते आरोपी पर 307 के तहत  मामला दर्ज किया गया। अंबरनाथ व बदलापुर के पुलिस थाने में भी पिछले कुछ दिनों से इस तरह के अपराध दर्ज हो रहे हैं।

अंबरनाथ में अब तक दो लोगों की कोरोना से मौत, 63 कोरोना ग्रस्त
ईद के दिन हुई मौत से मुसलमानों में दुःख, रात को मुस्लिम कब्रस्तान में दफनाया गया
अंबरनाथ। युसूफ शेख

   अंबरनाथ पश्चिम के संजय नगर निवासी एक मुस्लिम एक 22 वर्षीय युवक की कोरोना से मौत हो जाने के बाद सोमवार रात 2.30 बजे उसे मुस्लिम कब्रस्तान में नगरपरिषद के चार कर्मचारियों ने उसे दफनाया, आश्चर्य की बात यह है कि युवक की मौत के बाद उल्हासनगर सेंट्रल अस्पताल के डाॅक्टरों को शक हुआ कि युवक कोरोना बाधित हो सकता है उसकी स्वेब रिपोर्ट कोरोना पाॅजिटीव आयी है। ऐसी जानकारी हमें आरोग्य अधिकारी सुरेश पाटील ने दी है। जोकि रात भर अपने स्टाॅफ के साथ युवक को दफनाने का कार्य कर रहे थे। यह 22 वर्षीय युवक शहर पश्चिम के संजय नगर परिसर का निवासी है। सप्ताह भर से वह बीमार चल रहा था और छोटे डाॅक्टरों ने अपना उपचार करवा रहा था। शनिवार रात में उसकी प्रकृति ज्यादा खराब होने से उसे सेंट्रल अस्पताल में उपचार हेतु दाखिल कराया गया था। रविवार सुबह में सांस की नली बंद होने से एवं सांस रुक जाने के बाद उसकी मौत हो गई। 6 दिनों तक उसने किस-किस से मुलाकात की उन सभी से नपा प्रशासन ने आवाहन किया है कि वह छाया अस्पताल के डाॅक्टरों से अपनी जांच करवा लें। इस परिसर को सील करने की तैयारी प्रशासन कर रही है। रविवार रात में अस्पताल प्रशासन ने पुलिस एवं नपा प्रशासन को खबर की। मृतक की लाश को पूरी तरह से पैक करके प्रशासन के हवाले किया गया। टीओके के अजहर कुरैशी, तबरेज, युसूफ पठान आदि ने परिश्रम के बाद लाश को अंबरनाथ कब्रस्तान में लाने के लिए सहायता की। पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक खाडे, नपा प्रशासन की ओऱ से आरोग्य अधिकारी पाटील, सावंत, डाॅ. राठोड़ आदि उपस्थित थे। कैलाश नगर स्थित कब्रस्तान को सेनेटाईज किया गया है। ईद के दिन ही युवक की मौत से मुसलमानों में दुःख का वातावरण है। शहर में कोरोना से अब तक दो लोगों की मौत हो गई है। मृतक युवक काफी अच्छा क्रिकेट खिलाड़ी बताया जा रहा है। शहर में अब कोरोना ग्रस्त मरीजों की संख्या 63 हो गई है।

   उल्हासनगर। उल्हासनगर ४ मे स्थित SST कॉलेज जो हमेशा सामाजिक कार्यों में सबसे आगे रहा है, उन्होंने तालाबंदी के इस कठिन समय के दौरान प्रवासी मजदूरों, गरीबों और जरूरतमंदों को फूड पार्सल वितरित करके अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को बनाए रखा है। 
   SST कॉलेज हमेशा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सबसे आगे है। लॉकडाउन के इस समय में दुनिया एक ठहराव में आ गई है, लेकिन कॉलेज ने शिक्षा के लिए अपने जुनून को जारी रखा है। इसने न केवल ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से छात्रों को ज्ञान प्रदान करना जारी रखा है, बल्कि इसने हाल ही में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल (NDRF) के सहयोग से 10,000 खाद्य पैकेट भी वितरित किए हैं।  उल्हासनगर के विभिन्न हिस्सों में गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट वितरित किए गए। इसकी शुरुवात SST कॉलेज से होकर कुर्ला कैंप, हिल लाइन पुलिस स्टेशन से उल्हासनगर नंबर 3 में ओटी सेक्शन, उल्हासनगर स्टेशन पश्चिम के नगरपालिका स्कूल नंबर 24 पश्चिम में, विठ्ठलवाड़ी रेलवे स्टेशन ईस्ट, विठ्ठलवाड़ी बस स्टैंड इस तरह विभिन्न जगहो पर जाकर 10,000 पैकेट वितरित किए।  विशेष रूप से, विट्ठलवाड़ी बस स्टैंड के आसपास के क्षेत्रों में 1000 से अधिक दुसरे राज्य के विस्थापितों को भोजन के पैकेट वितरित किए गए। इस पहल में, कॉलेज के संस्थापक प्राचार्य डॉ. पुरस्वानी, प्रा .दिलीप आहूजा, प्रा.  मयूर माथुर, महाविद्यालय के उप-प्राचार्य डॉ.भारती पुरस्वानी, डॉ.संतोष करमानी, डॉ. हिना मूलपानी, श्री. दीपक मूलपानी, देवीदास जलकोटे, प्रा.दीपक गवादे, श्री.  स्वप्निल नलवाडे के साथ, डीएलई के स्वयंसेवक छात्र बॉबी गायकवाड़, आकाश लुंड, ईशान छतलानी, कृष्णा सभरवाल, शिवकुमार गुप्ता, अजय भारद्वाज और एनएनएस के स्वयंसेवक छात्र मोहन हसवानी, रमेश सरोज, अमरजीत गुप्ता, अंकुश सोनवणे, योगेश भालेराव ने भाग लिया। इसके अलावा, कोलशेवाडी पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों से  विठ्ठलवाड़ी बस अड्डे दूसरे राज्य के विस्थापितों  को भोजन पैकेट वितरित करने के लिए विशेष मदद मिली।

अंबरनाथ। अंबरनाथ में आज रविवार को चार कोरोना बाधित मिले हैं यहां मरीजों की कुल संख्या 62 हो गई है। आज 17 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है जिसमें 13 नेगेटिव तो 4 पाॅजिटीव पाए गए हैं। आज बदलापुर के अस्पताल से एक कोरोना बाधित अंबरनाथ ठीक होकर अपने घर लौट आया है। 43 लोगों का उपचार अस्पतालों में चल रहा है। 304 लोगों को क्वारनटाईन किया गया है। 136 के स्वेब कलेक्शन की रिपोर्ट आनी बाकी है। उल्हासनगर, बदलापुर के मुकाबले में अंबरनाथ में कोरोना बाधितों की संख्या कम है लेकिन बाजारों में भीड़ ज्यादा देखी जा रही है। फेरीवाले भी स्टेशन रोड पर ज्यादा देखे गए हैं। रिक्शा भी शुरू हो गई है। नगरपरिषद कर्मचारी और पुलिस कर्मी, यातायात पुलिस रविवार होने के कारण कहीं भी दिखाई नहीं दे रहे थे।
बदलापुर। आज बदलापुर में दो लोगों की मौत कोरोना से हो गई है। एक 88 वर्षीय महिला और एक 55 वर्षीय पुरुष का समावेश है। यहां पर कोरोना संक्रमण से अब तक 6 लोगों की मौत हुई है। आज रविवार को यहां पर सात कोरोना बाधित मिले हैं। जिसके कारण यहां पर कोरोना बाधितों की कुल संख्या 160 हो गई है। 55 ठीक होकर घर चले गए हैं। 99 बाधितों का विभन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। आज 13 की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है। जो सात लोग आज बाधित हुए हैं उनमें एक पुलिसकर्मी का समावेश है। 75 को क्वारनटाईन किया गया है। कुलगांव बदलापुर परिसर में कुल प्रतिबंधित क्षेत्र 47 है। यहां पर कोरोना बाधितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है जिसके कारण शहरवासियों की परेशानी पर चिंता की लकीरें देखी जा रही है।
कल्याण। कल्याण डोम्बिवली महानगरपालिका अंतर्गत रविवार को भी 46 कोरोना मरीज पाये गए है इसी के साथ शहर में पीड़ितों की कुल संख्या 773 तक जा पहुची है इनमें 484 मरीजों का उपचार चल रहा है तो वही 271 लोग डिस्चार्ज हो चुके है। आज के आकड़ो में कल्याण पूर्व में सबसे अधिक संक्रमित पाये गए है । शहर में दिन प्रतिदिन मरीजो की संख्या बढ़ती जा रही है आज कुल 46 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाये गए है जिनमें डोम्बिवली पश्चिम में 4 पुरुष व 6 महिला, डोम्बिवली पूर्व मे 3 पुरुष व 3 महिला, कल्याण पश्चिम में 4 पुरुष, कल्याण पूर्व में 20 पुरुष व 6 महिला कोरोना संक्रमित पाये गए है । इस नए आंकड़े के बाद अब तक कल्याण पूर्व में 232, कल्याण पश्चिम में 146, डोंबिवली पूर्व में 169, डोंबिवली पश्चिम में 173, मांडा टिटवाळा में 35, अंबिवाली में 9, शहद में 1 तथा मोहने में 8 मरीज कोरोना से संक्रमित पाये जा चुके है।

उल्हासनगर शहर को तीन दिन पूर्ण रूप से बंद की मांग
सम्राट अशोक नगर से एक ही दिन में मिले 13 मरीज
   उल्हासनगर। उल्हासनगर शहर में कोरोना दिनों दिन बेकाबू होते जा रहा है 24 मई को एक ही दिन में 25 कोरोना के नए मरीज मिले हैं जबकि एक 60 वर्षीय वृद्ध की मौत भी हुई है। एक ही दिन में यह अब तक के सबसे ज्यादा मरीज मिलने का आकड़ा है। इससे ऐसा प्रतित हो रहा है कि शहर में लोग लाॅकडाऊन व सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं जिस कारण यह कोरोना वायरस बेकाबू हो रहा है ऐसे में शहर को तीन दिन पूर्ण रूप से बंद करने की मांग हो रही है क्योंकि अत्यावश्यक दुकानों की आड़ में अन्य दुकानें भी खोले जा रहे हैं।
   मिली जानकारी के अनुसार रविवार 24 मई को 25 नए मरीजों के मिलने से शहर में कोरोना ग्रस्त मरीजों की संख्या 191 हो गई है जिसमें से 6 की मौत हुई है जबकि 61 मरीज कोरोना मुक्त हो चुके हैं। इस तरह 124 एक्टिव मरीजों का ईलाज कोविड व कामगार अस्पताल में चल रहा है। रविवार को उल्हासनगर-4 के मराठा सेक्शन से एक 60 वर्षीय वृद्ध की मौत से हो गई है। यह कोरोना से शहर में छठी मौत है। इसके अलावा 55 वर्षीय व्यक्ति कुर्ला कैम्प उल्हासनगर-4 से पाॅजिटीव मिला है। उल्हासनगर-2 के ज्ञानेश्वर नगर से एक 14 वर्षीय बच्चा और 35 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पाॅजिटीव पाया गया है। शेष 21 मरीज उल्हासनगर-3 से मिले हैँ। उल्हासनगर-3 ओटी सेक्शन के सबसे हाॅटस्पाट इलाके सम्राट अशोक नगर से कुल 13 मरीज मिले हैं जिसमें 45 वर्षीय पुरुष, 32 वर्षीय महिला, 13 वर्षीय बच्चा, 48 वर्षीय पुरुष, 27 वर्षीय युवक, 9 वर्षीय बच्चा, एक और 9 वर्षीय बच्चा, 34 वर्षीय महिला, 46 वर्षीय पुरुष, 44 वर्षीय महिला, 4 वर्षीय बच्चा, 6 और 13 वर्षीय बच्चे का समावेश है। उल्हासनगर-3 के आंबेडकर नगर से चार मरीज मिले हैं जिसमें 22 वर्षीय युवती, 13 वर्षीय बच्चा, 14 वर्षीय बच्चा व 23 वर्षीय युवक का समावेश है। उल्हासनगर-3 के ही सी ब्लाॅक से एक 50 वर्षीय पुरुष व शास्त्रीनगर नगर से एक 27 वर्षीय युवती मिलती है। स्टेशन रोड सीएचएम काॅलेज के पास एक 50 वर्षीय व्यक्ति कोरोना ग्रस्त मिला है। इस तरह शहर में एक ही दिन में 25 नए मामले मिले हैं। उल्हासनगर को कोविड अस्पताल में 75, कामगार अस्पताल में 43, ठाणे के सिविल अस्पताल में 2, कल्याण में 2 और भिवंडी व मुंबई के कामा अस्पताल में 1-1 मरीज का ईलाज चल रहा है। इस तरह शहर में 124 एक्टिव मरीज मौजूद हैं। अब तक कुल 61 कोरोना मुक्त हुए हैं लेकिन चिंता की बात यह है कि रोजाना कोरोना वायरस बेकाबू होकर शहर पर हावी हो रहा है। उसे रोकने के लिए बुद्धजीवियों ने भी शहर को कम से कम 3 दिन पूर्ण रूप से बंद करने की अपील की है क्योंकि लोग बेपरवाह होकर बाहर निकल रहे हैं और लाॅकडाऊन का पूर्ण रूप से उल्लंघन कर रहे हैं।
 

अंबरनाथ तहसील कार्यालय कर्मचारी कोरोना बाधित
अंबरनाथ। अंबरनाथ में आज शनिवार को 4 कोरोना बाधित मिले हैं। कुल संख्या 58 हो गई है। आज एक अच्छी खबर ये सामने आयी है कि सीटी अस्पताल में कोरोना का उपचार कर रहे तीन बाधितों का उपचार सफल होने के बाद नेगेटिव रिपोर्ट आने पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। तीनों को छोटे कलम के पौदे देकर तालियां बजाकर उन्हें विदाई दी गई। उस समय डाॅ. मेजर नितीन राठोड़, उपमुख्याधिकारी चव्हाण और अस्पताल स्टाॅफ उपस्थित था। एक अच्छा होकर डिस्चार्ज होने वाला व्यक्ति रफीउल्ला शेख पनवेलकर गार्डन आर3 निवासी है। उन्होंने अस्पताल स्टाॅफ, डाॅक्टरों एवं प्रशासन का शुक्रीया अदा किया है। आज अंबरनाथ के 23 स्वेब रिपोर्ट प्राप्त हुए हैं जिसमें से 19 नेगेटिव और 4 पाॅजिटीव हैं। जिसमें एक स्टेट बैंक का कर्मचारी, एक भारत बिजली लि. का कर्मचारी है तो दो नागरिक है। शहर में 39 का उपचार चल रहा है। 18 ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं। अभी तक 528 का स्वेब कलेक्शन हुआ है। 392 की रिपोर्ट आयी है। 129 रिपोर्ट की प्रतिक्षा है। 288 को क्वारनटाईन किया गया है।
बदलापुर। बदलापुर में आज 6 कोरोना बाधित मिले हैं। यहां कोरोना बाधितों की संख्या 153 हो गई है। 94 का उपचार चल रहा है। 55 डिस्चार्ज हुए हैं। 64 को क्वारनटाईन किया गया है। आज मिले बाधितों में अंबरनाथ तहसील कार्यालय का एक कर्मचारी है जो बदलापुर निवासी है। दो पुलिस कर्मी, एक बिल्डर एक नर्स और एक बैंक कर्मचारी है।

* अब तक 41 हुए कोरोना मुक्त
* उल्हासनगर में बिना अनुमति के खुल रही कई दुकानें
* कंटेनमेंट झोन में खोली गई 10 दुकानों पर कार्रवाई
* लॉकडाऊन व सामाजिक दूरी की खुलकर उड़ाई जा रही धज्जियां
   उल्हासनगर। उल्हासनगर शहर में शुक्रवार को कोरोना के एक दिवसीय ब्रेक के बाद आज शनिवार को 10 पॉजिटीव मरीज मिले हैं। जिससे शहर में अब तक कोरोना ग्रस्त मरीजों की संख्या 166 हो गई है। राहत की बात यह है कि एक मरीज कोरोना मुक्त होकर घर लौट गया है। ऐसे अब तक कुल 41 कोरोना मुक्त हो चुके हैं। 120 एक्टिव मरीजों का ईलाज अस्पताल में चल रहा है। मनपा प्रभाग अधिकारी द्वारा कंटेनमेंट झोन में दुकानें खोलने वालों पर कलम 188 के तहत कार्रवाई की गई है। शहर में सुबह से शाम तक बिना अनुमति के कई दुकानें व ठेले खोले जा रहे हैं। लोगों में अब कोरोना का डर निकल गया है उनका कहना है कि भूखमरी से मरने से अच्छा अब हम कोरोना से मरेंगे।
   मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को उल्हासनगर मनपा क्षेत्र में 10 नए कोरोना के मरीज मिले हैं जिसमें से हॉटस्पॉट इलाके कैम्प 3 चोपड़ा परिसर के ब्राह्मणपाड़ा से 53 वर्षीय व 23 वर्षीय महिला के साथ एक 40 वर्षीय व्यक्ति कोरोना बाधित मिला है। उल्हासनगर-1 सेंचुरी स्कूल के पास एक 26 वर्षीय युवती कोरोना पॉजिटीव मिली है। उल्हासनगर-1 सत्यनारायण पापड़ बिल्डिंग परिसर से 4.5 व 12 वर्षीय बच्ची के साथ 42 वर्षीय व्यक्ति व 37 वर्षीय महिला कोरोना बाधित मिली है। कैम्प 1 शहाड फाटक परिसर के कोणार्क बिल्डिंग से 25 वर्षीय युवक तथा खेमानी परिसर से 51 वर्षीय महिला कोरोना ग्रस्त मिले हैं। इस तरह शनिवार को 10 कोरोना के नए रोगी मिले हैं। खेमानी स्थित सीमा अपार्टमेंट से कोरोना ग्रस्त युवक ठीक होकर घर लौटा है। उल्हासनगर-4 के कोविड अस्पताल में 65 मरीज, कामगार अस्पताल में 50 मरीज, ठाणे सिविल अस्पताल में 2, कल्याण में 2 और भिवंडी में एक मरीज का ईलाज चल रहा है। उल्हासनगर के कोविड अस्पताल में कल्याण से 6 बदलापुर से 5 और अंबरनाथ से एक कोरोना रोगी का ईलाज चल रहा है। 
   उल्हासनगर शहर में लोग कोरोना को अब गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। सुबह 8 से शाम 6 बजे तक दुकानें खुली पायी जा रही है। बच्चे सड़कों पर क्रिकेट खेल रहे हैं। पंजाबी कॉलोनी इत्यादि परिसर में ट्रांसपोर्ट के दुकान खोले देखे गए, किशनानी चौक पर ट्रक लोडिंग होते देखा गया। मोबाईल, चाय, नाश्ता की दुकानों के खुलने की खबर नेताजी व भाटिया चौक परिसर से आ रही है। उल्हासनगर मनपा द्वारा कार्रवाई भी की जा रही है लेकिन दुकानदारों व ठेलेवालों पर कोई असर नहीं हो रहा है। लॉकडाऊन व सामाजिक दूरी की खुलकर धज्जियां उड़ाई जा रही है। शहर में दुपहिया व चार पहिया वाहनों की भीड़ देखकर कोई नहीं कहेगा कि यहां लॉकडाऊन है।

Author Name

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.