अंबरनाथ में अब तक दो लोगों की कोरोना से मौत, 63 कोरोना ग्रस्त
ईद के दिन हुई मौत से मुसलमानों में दुःख, रात को मुस्लिम कब्रस्तान में दफनाया गया
अंबरनाथ। युसूफ शेख
अंबरनाथ पश्चिम के संजय नगर निवासी एक मुस्लिम एक 22 वर्षीय युवक की कोरोना से मौत हो जाने के बाद सोमवार रात 2.30 बजे उसे मुस्लिम कब्रस्तान में नगरपरिषद के चार कर्मचारियों ने उसे दफनाया, आश्चर्य की बात यह है कि युवक की मौत के बाद उल्हासनगर सेंट्रल अस्पताल के डाॅक्टरों को शक हुआ कि युवक कोरोना बाधित हो सकता है उसकी स्वेब रिपोर्ट कोरोना पाॅजिटीव आयी है। ऐसी जानकारी हमें आरोग्य अधिकारी सुरेश पाटील ने दी है। जोकि रात भर अपने स्टाॅफ के साथ युवक को दफनाने का कार्य कर रहे थे। यह 22 वर्षीय युवक शहर पश्चिम के संजय नगर परिसर का निवासी है। सप्ताह भर से वह बीमार चल रहा था और छोटे डाॅक्टरों ने अपना उपचार करवा रहा था। शनिवार रात में उसकी प्रकृति ज्यादा खराब होने से उसे सेंट्रल अस्पताल में उपचार हेतु दाखिल कराया गया था। रविवार सुबह में सांस की नली बंद होने से एवं सांस रुक जाने के बाद उसकी मौत हो गई। 6 दिनों तक उसने किस-किस से मुलाकात की उन सभी से नपा प्रशासन ने आवाहन किया है कि वह छाया अस्पताल के डाॅक्टरों से अपनी जांच करवा लें। इस परिसर को सील करने की तैयारी प्रशासन कर रही है। रविवार रात में अस्पताल प्रशासन ने पुलिस एवं नपा प्रशासन को खबर की। मृतक की लाश को पूरी तरह से पैक करके प्रशासन के हवाले किया गया। टीओके के अजहर कुरैशी, तबरेज, युसूफ पठान आदि ने परिश्रम के बाद लाश को अंबरनाथ कब्रस्तान में लाने के लिए सहायता की। पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक खाडे, नपा प्रशासन की ओऱ से आरोग्य अधिकारी पाटील, सावंत, डाॅ. राठोड़ आदि उपस्थित थे। कैलाश नगर स्थित कब्रस्तान को सेनेटाईज किया गया है। ईद के दिन ही युवक की मौत से मुसलमानों में दुःख का वातावरण है। शहर में कोरोना से अब तक दो लोगों की मौत हो गई है। मृतक युवक काफी अच्छा क्रिकेट खिलाड़ी बताया जा रहा है। शहर में अब कोरोना ग्रस्त मरीजों की संख्या 63 हो गई है।